कहै जयगुरुदेव पुकार, जमाना बदलेगा
पालीगंज (पटना), 28 अप्रैल — “कहै जयगुरुदेव पुकार जमाना बदलेगा।” जयगुरुदेव नाम प्रभु का है। परम संत बाबा जयगुरुदेव जी महाराज ने अपने पूरन गुरु से रास्ता लेकर लगन के साथ भजन किया। अन्तर में जब दैवी आवाजें मिलीं तो उन्होंने 10 जुलाई सन् 1952 से इस जयगुरुदेव नाम का प्रचार जारी कर दिया।
भविष्यवाणियां और मानव धर्म
सन् 1970 में उन्हीं बाबा जयगुरुदेव जी महाराज ने आगे की भविष्यवाणियां भी की थीं, जिनमें से अधिकांशतः सच साबित हुई हैं। सारे देश में उन्होंने मानव धर्म एवं मानव कर्म का प्रचार किया और कहा कि यदि आप लोगों ने अपना खान-पान नहीं सुधारा तो याद रखें कि: “पूरब पश्चिम, उत्तर-दक्षिण, छिड़े लड़ाई आये दुर्दिन। भारी संख्या में हो नर संहार जमाना बदलेगा।”
“अरे नर-नारियों! यह अमोलक मानव तन आपको दुबारा मिलने वाला नहीं है,” उन्होंने सन्देश दिया। “आप साधू मत बनो। घर-गृहस्थी के सारे काम-काज (खेती, दुकान, दफ्तर) करते हुए समय निकालकर चौबीस घण्टे में से एक घण्टा सुबह, एक घण्टा शाम को, भगवान का सच्चा भजन इस मनुष्य मन्दिर में करते हुए अपनी आत्मा को जगा लें। इसी के लिये यह मानव तन मिला है। अन्यथा यह अधोगति में जाएगा या फिर नर्कों के कुण्डों में सजा भुगताई जाएगी।”
67 दिवसीय जनजागरण यात्रा का कलेर में 52वां पड़ाव
उक्त मार्मिक सन्देश आज कलेर में बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के उत्तराधिकारी संत पंकज जी महाराज ने भारी संख्या में उपस्थित जनसमूह को सुनाया। उनके साथ 67 दिवसीय शाकाहार-सदाचार, मद्यनिषेध आध्यात्मिक वैचारिक जनजागरण यात्रा कल सायंकाल ग्राम कलेर पहुंची थी, जहां इसका 52वां पड़ाव था।
महाराज जी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह मनुष्य अपनी जिह्वा के स्वाद हेतु बेजुबान जीवों की हत्या व हिंसा करके उनका मुर्दा मांस पेट में डाल देता है। और पूजा करते समय कहता है कि, “तेरे पूजन को भगवान बना मन मन्दिर आलीशान।”
“लेकिन वास्तव में वह इसे कब्रिस्तान बनाये बैठा है,” महाराज जी ने समझाया। “क्योंकि कब्रिस्तान में ही तो मुर्दे दफनाये जाते हैं और श्मशान में जलाये जाते हैं। इसलिये अपने पेट को कब्रिस्तान न बनायें, अन्यथा कुदरत भारी सजा देने को तैयार बैठी है। किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन कतई न करें। आगे अरजी हमारी है और मरजी आपकी।”
14वें वार्षिक भण्डारे का आमंत्रण
उन्होंने आगामी 17 से 21 मई तक जयगुरुदेव आश्रम, मथुरा (उ.प्र.) में आयोजित होने वाले बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के पावन 14वें वार्षिक भण्डारा सत्संग मेला में आने के लिये सभी को सप्रेम आमंत्रित किया। कार्यक्रम में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सराहनीय सहयोग रहा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विजय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष लालजी सहित अन्य लोग व्यवस्था में सहयोग हेतु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पश्चात, जनजागरण यात्रा अपने अगले पड़ाव हेतु ग्राम सरावक, प्रखण्ड रफीगंज (जिला औरंगाबाद) के लिये प्रस्थान कर गई, जहां अगला सत्संग आयोजित होना है।